शहडोल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा सोमवार को कैंडल मार्च निकाला गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में निकाला गया यह मार्च रघुराज स्कूल गेट से प्रारंभ होकर न्यू गांधी चौक पहुंचा। हाथों में मोमबत्तियां लेकर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मार्च में शामिल हुए और राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
अजय अवस्थी बोले- राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है FIR
कैंडल मार्च के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि राहुल गांधी देश की जनता से जुड़े मुद्दों को सदन और सड़क पर मजबूती से उठाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। अजय अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों, बेरोजगारों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं। उनके अनुसार, किसी एफआईआर अथवा दबाव के माध्यम से जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखने का संकल्प
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने और जनता के मुद्दे उठाने का पूरा अधिकार है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज आगे भी उठाते रहेंगे।
न्यू गांधी चौक पर मोमबत्तियां जलाकर जताया विरोध
कैंडल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाए। “राहुल गांधी संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं” और “लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ” जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा। न्यू गांधी चौक पहुंचने के बाद कांग्रेसजनों ने मोमबत्तियां जलाकर लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा का संकल्प लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ एकजुट होकर खड़े हैं। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कटारे, पूर्व जिला अध्यक्ष नीरज द्विवेदी, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष कुलदीप निगम, वरिष्ठ कांग्रेसी सुनील खरे, मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला, अनुज मिश्रा, प्रभात पाण्डेय, जितेन्द्र सिंह, सूफियान खान, प्रीतेश द्विवेदी, आशिष तिवारी, सौरभ तिवारी, राम नरेश तिवारी, प्रीतम दास सोनी, अजीत सोनी, प्रमोद जैन, विवेक तिवारी, सत्यनारायण साहू, शोएब, हरिशंकर तिवारी, पुष्पराज सिंह, ओमप्रकाश चौधरी, इकबाल खान, संजय पटेल, आशीष द्विवेदी, महेंद्र यादव, अमन तिवारी, सत्यम शुक्ला, ओम साहू, क्रितेंद्र सिंह, दीपक साहू, शिवम तिवारी, अशोक तिवारी, वरुण पाल, रमेश विश्वकर्मा, सोनेलाल, भैया लाल एवं अतुल सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने कार्यक्रम की जानकारी दी।

