Breaking

Post Top Ad

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

Thursday, September 3, 2026

कलेक्टर ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आयोजन के संबंध में अधिकारियों को सौंपे दायित्व


अनूपपुर। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री रत्नाकर झा ने भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जिले में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। जारी आदेश में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित गतिविधियों का गरिमापूर्ण एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के अनुसार प्राचार्य तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर, जिला शिक्षा अधिकारी तथा सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को विद्यालयों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मटकी प्रतियोगिता, बांसुरी प्रतियोगिता, जीवंत झांकी निर्माण, श्रीकृष्ण से जुड़े प्रसंगों पर नाट्य मंचन तथा छोटे बच्चों की श्रीकृष्ण वेशभूषा प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां आयोजित कराने का दायित्व सौंपा गया है। समस्त मुख्य नगरपालिका अधिकारियों तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, जनपद पंचायतों को जिले में स्थित प्रत्येक श्रीकृष्ण मंदिर, मठ एवं देवालय में विशेष श्रृंगार तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही मटकी फोड़ प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, स्थानीय कलाकारों द्वारा बांसुरी वादन, भजन, गायन, झांकियों का प्रदर्शन, दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक आरती जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को 2 से 4 सितंबर 2026 के मध्य बच्चों के लिए विशेष पोषण एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों एवं प्राथमिक शालाओं में जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों के लिए विशेष पौष्टिक भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।जिला पर्यटन प्रबंधक को जिले के शासकीय एवं अशासकीय होटलों में ऐसा वातावरण विकसित कराने का दायित्व दिया गया है, जिससे पर्यटकों को प्रदेश की आस्था एवं सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिले। जेल अधीक्षक, जिला जेल अनूपपुर को जिला जेल में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं प्रसंगों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, जिला अनूपपुर को जनजातीय क्षेत्रों के छात्रावासों एवं आश्रम शालाओं में भोजन प्रतियोगिता, श्रीकृष्ण वेशभूषा, चित्रकला सहित अन्य गतिविधियां आयोजित कराने तथा जनजातीय एवं ग्रामीण संस्कृति से जुड़े प्रसंगों एवं आख्यानों पर आधारित कार्यक्रमों के आयोजन का दायित्व सौंपा गया है। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय स्थापित कर भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर निर्धारित गतिविधियों का सुव्यवस्थित, गरिमापूर्ण एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Post Top Ad

Pages