शहडोल। कला, संस्कृति और रंगमंच प्रेमियों के लिए शहडोल में पहली बार एक भव्य नाट्य आयोजन होने जा रहा है। सम्पूर्ण नाट्य एवं लोक कला समिति, शहडोल के तत्वावधान में 11 दिवसीय नाट्य रंग महोत्सव का आयोजन 8 जून से 18 जून 2026 तक किया जा रहा है। यह महोत्सव प्रतिदिन शाम 6रू30 बजे से होटल शुभम पैलेस, किरण टॉकीज रोड शहडोल में आयोजित हो रहा है।
पहली बार हो रहा भव्य नाट्य महोत्सव
समिति द्वारा आयोजित यह महोत्सव शहडोल के सांस्कृतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। आयोजन के दौरान देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले कलाकारों एवं प्रतिष्ठित नाट्य समूहों द्वारा विविध नाटकों की प्रस्तुति दी जा रही है। इससे स्थानीय दर्शकों को उच्चस्तरीय रंगमंचीय प्रस्तुतियों का आनंद लेने का अवसर मिल रहा है।
लकी चतुर्वेदी कर रहे हैं कार्यक्रम का संयोजन
पूरे आयोजन का संयोजन रंगकर्मी लकी चतुर्वेदी द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य शहडोल में रंगमंचीय संस्कृति को नई पहचान देना तथा स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ मंच साझा करने का अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रथम दिवस हुआ ‘मध्यम व्यायोग’ का मंचन
महोत्सव के प्रथम दिवस 8 जून को शहडोल की नाट्य प्रस्तुति ‘मध्यम व्यायोग’ का मंचन किया गया। इस नाटक का निर्देशन लकी चतुर्वेदी द्वारा किया गया, जबकि इसकी रचना संस्कृत साहित्य के महान कवि महाकवि भास ने की है। आयोजकों का मानना था, कि यह प्रस्तुति दर्शकों को भारतीय रंगमंच की समृद्ध परंपरा से परिचित कराएगी।
कला प्रेमियों से की गई थी विशेष अपील
आयोजक मंडल ने शहडोल सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी कला प्रेमियों, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों एवं दर्शकों से अपील किये थे, कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनें तथा इसे सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया
महोत्सव में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा। आयोजन में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया था, जिससे हर वर्ग का व्यक्ति रंगमंच और कला की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों का आनंद ले सके।
