शहडोल। जिला जेल शहडोल में निरुद्ध 64 वर्षीय महिला बंदी पुष्पा बघेल की सोमवार को उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज शहडोल में मौत हो गई। महिला चेक बाउंस के मामले में एक वर्ष के साधारण कारावास की सजा काट रही थीं। जेल प्रशासन के मुताबिक सोमवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और बीपी लो होने की शिकायत सामने आने के बाद तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत
जेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार 31 अगस्त 2026 को सुबह करीब 9:35 बजे पुष्पा बघेल की तबीयत अचानक खराब हुई। स्थिति को देखते हुए जेल प्रशासन ने बिना देर किए जेल गार्ड के साथ उन्हें जिला चिकित्सालय भेजा। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच एवं प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में महिला को आईसीयू वार्ड में भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में उपचार दिया गया। हालांकि हालत गंभीर बनी रही। उपचार के दौरान दोपहर करीब 12:37 बजे उनकी मौत हो गई।
मेडिकल प्रमाण-पत्र में हृदय संबंधी बीमारी का उल्लेख
मेडिकल कॉलेज द्वारा जारी Medical Certificate of Cause of Death में मृतका की उम्र 64 वर्ष दर्ज की गई है। प्रमाण-पत्र में मृत्यु के कारणों में Acute Anterolateral MI सहित अन्य हृदय संबंधी चिकित्सकीय स्थितियों का उल्लेख किया गया है। प्रमाण-पत्र में मृत्यु का तरीका Natural दर्ज किया गया है।
चेक बाउंस मामले में काट रही थीं सजा
दस्तावेजों के अनुसार पुष्पा बघेल धारा 138, परक्राम्य लिखत अधिनियम (Negotiable Instruments Act) के तहत दर्ज चेक बाउंस मामले में सजा काट रही थीं। प्रकरण क्रमांक 221/2017 में न्यायालय ने 28 मार्च 2025 को उन्हें एक वर्ष के साधारण कारावास की सजा सुनाई थी। दस्तावेजों में प्रतिकर एवं अन्य देयताओं की कुल राशि 8 लाख 79 हजार 650 रुपये दर्ज है।न्यायालय के इस आदेश के विरुद्ध महिला की ओर से अपील भी की गई थी। उपलब्ध दस्तावेजों के मुताबिक अपील क्रमांक 61/25 में तृतीय अपर सत्र न्यायालय, शहडोल द्वारा अपील निरस्त किए जाने के बाद उन्हें सजा भुगतने के लिए 14 जुलाई 2026 को जिला जेल शहडोल में दाखिल कराया गया था।
पहले जिला अस्पताल, फिर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया
महिला बंदी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद जेल प्रशासन ने तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराते हुए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया। मेडिकल कॉलेज में आईसीयू में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने हृदय संबंधी गंभीर स्थिति की जानकारी दी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जेल अधीक्षक भास्कर पाण्डे ने दी जानकारी
जेल अधीक्षक भास्कर पाण्डे के अनुसार महिला बंदी को अचानक बीपी लो होने की शिकायत हुई थी। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय भेजा गया। वहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान चिकित्सकों द्वारा दोबारा अटैक आने की जानकारी दी गई और इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
14 जुलाई को हुई थी जेल में दाखिल
दस्तावेजों के अनुसार पुष्पा बघेल को 14 जुलाई 2026 को जिला जेल शहडोल में दाखिल कराया गया था। करीब डेढ़ माह जेल में रहने के बाद 31 अगस्त की सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन द्वारा तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने और अस्पताल पहुंचाए जाने के बावजूद मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मृत्यु के बाद मामले में चिकित्सकीय दस्तावेजों के आधार पर आगे की आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है।
