शहडोल। जनपद पंचायत बुढार अंतर्गत ग्राम पंचायत नगपुरा के कांदा टोला में सोमवार सुबह करीब 5 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब दादू लाल पिता रमहल्ली बैगा का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त परिवार के लोग मकान के दूसरे कमरे में सो रहे थे। अचानक मकान का हिस्सा गिरने से पति-पत्नी और उनका मासूम बच्चा मलबे में दब गए।
हादसे में मकान के एक हिस्से में बंधी छह बकरियों की दबने से मौत हो गई। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना देर किए अन्य लोगों को बुलाया और ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही सरपंच और सचिव जयप्रकाश नापित मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और मलबे में दबे पति-पत्नी तथा बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद तीनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
समय पर पहुंचने से बची जान
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों की तत्परता और पंचायत प्रतिनिधियों के समय पर पहुंचने से मलबे में दबे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। हालांकि, छह बकरियों की मौत से परिवार को आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
गरीब परिवारों के सुरक्षित आवास पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले गरीब परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं में किसी की जान न जाए।
