Breaking

Post Top Ad

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

Thursday, July 30, 2026

सेवानिवृत्ति से सात माह पहले ट्रांसफर आदेश से बढ़ा विवाद, ऑपरेटरों में नाराजगी


शहडोल। एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र में कर्मचारियों के तबादलों को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। ताजा मामले में रामपुर बटुरा ओपनकास्ट माइंस (ओसीएम) में पदस्थ डम्पर ऑपरेटर गणेश प्रसाद नापित का तबादला आदेश जारी होने के बाद कर्मचारियों और ऑपरेटरों में असंतोष का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, कार्यालय आदेश क्रमांक 1462, दिनांक 23 जुलाई 2026 के तहत एनईआईएस नंबर 24460270 वाले डम्पर ऑपरेटर गणेश प्रसाद नापित को गेवरा क्षेत्र के लिए कार्यमुक्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं। बताया जा रहा है कि उनकी सेवानिवृत्ति में अब केवल सात माह का समय शेष है। ऐसे में अचानक हुए इस तबादले को लेकर कर्मचारियों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।



ऑपरेटरों ने जताई नाराजगी



तबादला आदेश सामने आने के बाद रामपुर बटुरा ओसीएम के ऑपरेटरों में नाराजगी देखी जा रही है। ऑपरेटर एसोसिएशन का कहना है कि सेवानिवृत्ति के करीब पहुंच चुके कर्मचारियों को इस तरह स्थानांतरित करना उचित नहीं है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि सभी कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड कार्यालय और एसएपी सिस्टम में उपलब्ध रहता है। इसके बावजूद अंतिम समय में तबादला आदेश जारी होने से कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।



मानसिक परेशानी बढ़ने का आरोप



कर्मचारी संगठन से जुड़े लोगों का आरोप है कि सेवानिवृत्ति के करीब पहुंच चुके कर्मचारियों को इस तरह के आदेशों से मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि लंबे समय तक एक क्षेत्र में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों के साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए।



प्रबंधन से पुनर्विचार की मांग



ऑपरेटरों और कर्मचारी संगठनों ने प्रबंधन से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में कर्मचारियों की सेवा अवधि और व्यक्तिगत परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाना चाहिए। हालांकि, इस संबंध में प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रबंधन इस मामले में क्या फैसला लेता है।




Post Top Ad

Pages