शहडोल। नगरीय निकाय के चुनाव में जिला कांग्रेस अध्यक्ष पर रुपए लेकर टिकट देने का आरोप की चर्चा इन दिनों सुर्खियों पर है। नगरीय निकाय चुनाव 2022 में टिकट वितरण को लेकर ब्योहारी नगर परिषद के कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष व्याप्त है इसकी मुख्य वजह कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता एवं वार्ड क्रमांक 14 से कांग्रेस की टिकट की दावेदारी करने वाले ओम प्रकाश गुप्ता को कांग्रेस प्रत्याशी नहीं बनाया जाना बताया जा रहा है। कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता ओम प्रकाश गुप्ता वार्ड क्रमांक 14 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान पर है और उन्होंने खुले तौर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पर रुपया का लेनदेन कर टिकट देने का आरोप लगाया है। उन्होंने एक भेंट के दौरान बताया कि ब्योहारी नगर परिषद के लिए पार्षद पद के प्रत्याशियों की जो सूची भोपाल से आई थी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने उसमें फेरबदल कर अपने मन मुताबिक सूची जारी की है। जिसकी वजह से उनका नाम हटा दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वार्ड क्रमांक 9 के कांग्रेस प्रत्याशी चिरौंजीलाल चिंचलानी ने कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष लक्ष्मीकांत तिवारी और संजय शुक्ला से कहा था कि यदि आपको टिकट चाहिए तो 50 हजार रुपए लगेंगे। आश्चर्य की बात तो यह है कि जो सूची भोपाल से प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के द्वारा जारी की गई थी, उस सूची में जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा फेरबदल कर नाम बदल दिए गए हैं। जो प्रदेश अध्यक्ष के आदेश की अवहेलना है। इस संबंध में कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष लक्ष्मीकांत तिवारी ने बताया कि स्कूटनी के दौरान चिरौंजी लाल चिंचलानी ने उन्हें 50 हजार रुपए में टिकट दिलवाने की बात कही थी, लेकिन इस संबंध में उनकी जिला कांग्रेस अध्यक्ष से किसी भी प्रकार की कोई चर्चा नहीं हुई है।

