शहडोल। चुनाव जीतने के बाद लोग अपने स्वार्थ की राजनीति करते हैं। जिला पंचायत में पिछले 13 वर्षों में सत्ता में बैठे लोगों ने सिर्फ अपनी ठेकेदारी और स्वार्थ सिद्धि को बढ़ावा दिया है। जिसकी वजह से क्षेत्र में कोई भी विकास नहीं दिख रहा है। हालात यह बन चुके हैं कि जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक 12 की जनता अब परिवर्तन चाह रही है और इस बार वह क्षेत्र के विकास में महती भूमिका निभाने वालों को जिम्मेदारी सौंपना चाहती है। यह बात शहडोल जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक 12 में जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी जगन्नाथ शर्मा ने एक भेंट के दौरान कही। उन्होंने बताया कि वह दो बार जनपद सदस्य का चुनाव लड़ चुके हैं, मगर कूटनीति के चलते वह काफी कम अंतरों से चुनाव नहीं जीत पाए, मगर चुनाव में उन्हें चुनावी मैदान और मतदाताओं का रुझान का बखूबी ज्ञान मिला है। इस बार बार कूटनीति और स्वार्थ की राजनीति को दरकिनार करके चुनाव मैदान पर उतरे हैं और उन्हें पूरा विश्वास है की वार्ड क्रमांक 12 के क्षेत्र की जनता का उन्हें पूरा समर्थन मिलेगा। उन्होंने बताया कि उनका क्षेत्र पहाड़ी इलाकों से लगा हुआ है और सड़क के अभाव में क्षेत्र की जनता को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र का जलस्तर भी काफी नीचे चला गया है। इसके अलावा शासकीय योजनाओं का लाभ क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को नहीं मिल रहा है। जनता की इन समस्याओं के निदान के लिए वह चुनाव मैदान में हैं। यदि क्षेत्र की जनता ने उन्हें अपना विश्वास जताया तो वह उनकी समस्याओं के निदान के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए ही चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले चुनाव में विकास का वादा करके जनता को ठगने वालों को वह सबक भी सिखाएंगे।
Post Top Ad
Your Ad Spot
