शहडोल। गुरुवार से लगातार लाइट के लिए धरने में बैठे लोगों ने इस ठीठूरती ठंड में भी गुजारी रात, जबकि इस धरने में बैठे लोगों के समर्थन में बुढार के जनमानस सहित व्यापारी बंधु भी सुध लेने आधी रात को धरना स्थल पहुंचे और धरने में बैठे लोगों का साथ दिया। पूरी रात ठंड में ठिठुरते धरने में बैठे लोग मांग के लिए डटे रहे। वही जिन घरों में लाइट नहीं थी वहां के महिलाओं और बच्चों ने भी अंधेरे में काटी अपनी पूरी रात मगर प्रशासन के कान में जूं तक नहीं रेंगा।
स्थानीय लोग धरना स्थल पहुंचे
राजवाड़ा रेस्टोरेंट के संचालक राजकुमार गुप्ता को जैसे ही पता चला की बुढार नगर की समस्याओं को लेकर कुछ लोग धरने पर बैठे हैं तो धरने पर बैठे लोगों के समर्थन में आधी रात खाना पानी लेकर पहुंचे। जिनमें मुख्य रूप से बुढार नगर निवासी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रविकांत चैरसिया, मोहन नामदेव के अलावा स्थानीय लोग भी धीरे धीरे धरना स्थल पहुंच रहे है और धरने का समर्थन कर रहे है।
यह है मामला
धरने पर बैठे लोगों ने आरोप लगाते हुए कहाकि विद्युत विभाग की लापरवाही कहीं जाए या नापा धनपुरी की अनदेखी जिस कारण विवश होकर इस ठिठुरती ठंड में विद्युत समस्या को लेकर धरने में बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा है। प्रदर्शनकारियों ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह विद्युत विभाग की हिलाहवाली और शर्त रखी जा रही इससे तो यही प्रतीत होता है कि जनमानस की समस्याओं का समाधान कैसे होगा। जबकि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा सुविधाओं को लेकर कई घोषणाएं की गई थी जिनमें विद्युत व्यवस्था भी थी परंतु विद्युत विभाग की लापरवाही या सर्त से विवश होकर इस ठिठुरती ठंड में रात भर धरना देना पड़ा मगर इस ओर विभागीय अमले का अभी तक ध्यान नहीं हुआ जिससे समस्या का समाधान हो सके। प्रदर्शनकारियों ने ठान रखी है कि जब तक समस्या का समाधान के लिए प्रशासन पहल नहीं करेगी तब-तक अनिश्चित काल यह धरना प्रदर्शन इसी तरह है जारी रहेगा, अगर इस ठंड में किसी भी प्रदर्शनकारियों को कुछ भी हुआ तो इसका जिम्मेदार शासन-प्रशासन होगा।
अंधेरे में रहने को मजबूर, काट रहे है चक्कर
धनपुरी नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1 गोपालपुर रोड पर स्थित कॉलोनी के निवासी करीब साल भर से कॉलोनी में बिजली के खंभे एवं लाइट लगवाने के लिए नगर पालिका परिषद धनपुरी और मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के चक्कर काट रहे हैं। परंतु नगर पालिका परिषद धनपुरी के द्वारा अब तक कॉलोनी में बिजली के खंभे लगवाने के लिए कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है वही कॉलोनी वासियों को मध्य प्रदेश विद्युत मंडल द्वारा स्थाई विद्युत कनेक्शन भी प्रदान नहीं किया जा रहा है।
अस्थाई कनेक्शन देने से विद्युत मंडल ने किया साफ मना
पिछले लगभग 1 साल से कॉलोनी वासी मध्य प्रदेश विद्युत मंडल से अस्थाई कनेक्शन लेकर अपने घरों को रोशन कर रहे हैं, जिसे हर तीन माह बाद विद्युत मंडल द्वारा विच्छेदित कर दिया जाता है। इस दौरान कई बार कॉलोनी में निवासरत अजय कुशवाहा और कपिल गुप्ता के परिवार को अंधेरे में ही मे कई रातें गुजारनी पड़ी और अब हाल यह है कि विद्युत मंडल ने कॉलोनी वासियों को अस्थाई कनेक्शन देने से साफ मना कर दिया।
विद्युत मंडल की शर्तों पर देगी स्थाई कनेक्शन, बार-बार नहीं कर सकते 11 हजार जमा
कालोनी वासियों के धरने पर बैठने के बाद मध्य प्रदेश विद्युत मंडल पुनः एक बार अस्थाई कनेक्शन देने को तैयार हो गया है। पर कॉलोनी वासियों का कहना है कि हम बार-बार अस्थाई कनेक्शन के लिए पैसे कहां से लाएं। 6 माह के अस्थाई कनेक्शन के लिए विभाग 11 हजार जमा कराता है जबकि हमारी आए इतनी नहीं है कि हम बार-बार इतना पैसा जमा कर सकें। साथ ही अस्थाई कनेक्शन में हमें बिजली भी महंगी पड़ती है। जिसके कारण बिजली का बिल भी क्षमता से अधिक आता है।
भाजपा नेता शैलेंद्र की चेतावनी
भाजपा नेता शैलेन्द्र श्रीवास्तव का कहना है कि बिजली की समस्या को लेकर नगर पालिका धनपुरी का रवैया बेहद असंवेदनशील है जबकि मध्य प्रदेश विद्युत मंडल भी बजट ना होने का हवाला देकर खंभे लगाने से मना कर रहा है ऐसे में कॉलोनी के लोग स्थाई कनेक्शन ना मिल पाने के कारण अंधेरे में रहने को मजबूर है। धनपुरी नगरपालिका में पर्याप्त बजट होने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन इस मामले में लापरवाही कर रहा है। हम अब शांत नहीं बैठेंगे और यह लड़ाई अहिंसा के रास्ते में चलकर लड़ेंगे।
धरना प्रदर्शन में इनकी है मौजूदगी
भाजपा नेता शैलेन्द्र श्रीवास्तव के अलावा अजय कुशवाहा, कपिल गुप्ता, सुनील प्रजापति, अमृत वर्मा, गोकुल नापित, सूरज कहार, प्रमोद कहार, गोलू कहार, चंदन कहार, कन्हैया कोल, रावेन्द्र त्रिपाठी, आशुतोष मिश्रा, आशुतोष अवधिया भी धरने पर बैठे हुए है।
