शहडोल। नगर के श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर धनपुरी में 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को सांस्कृतिक विभाग एवं श्रीकृष्ण पाथेन न्यास के संयुक्त तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन उत्साह और भक्तिभाव के साथ किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंदिर समिति के अध्यक्ष संतोष महरा, नगर पालिका परिषद धनपुरी की अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर, वार्ड पार्षद स्कन्द सोनी एवं नितिन सिंह राणा उपस्थित रहे। अतिथियों की मौजूदगी से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ी और आयोजन में शामिल लोगों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
अतिथियों एवं कलाकारों का किया स्वागत
कार्यक्रम के संयोजक गुलाब प्रजापति द्वारा मुख्य अतिथियों एवं कार्यक्रम में शामिल कलाकारों का बुके एवं पुष्पमाला भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की आराधना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध गायक दीपक बंसकार एवं उनके साथियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के संध्या भजनों की प्रस्तुति से की गई। भजनों की मधुर धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और उपस्थित श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में भाव-विभोर नजर आए।
गीत-संगीत ने बांधा शमां
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित गीत-संगीत कार्यक्रम में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने भजनों और गीत-संगीत का देर रात तक आनंद लिया। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई। भक्तों और नगरवासियों ने प्रसाद एवं स्वल्पाहार ग्रहण करने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। रात 12 बजे तक चले आयोजन में भक्तिमय गीतों और संगीत की गूंज से मंदिर परिसर का माहौल उत्सवमय बना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजकों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव ने धनपुरी में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक एवं सामाजिक सहभागिता का सुंदर संदेश दिया।
