Breaking

Post Top Ad

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

Thursday, August 27, 2026

धनपुरी में ईद-मिलादुन्नबी पर शान-ओ-शौकत से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

बिलाल मस्जिद से सुबह 8 बजे निकला जुलूस, जगह-जगह हुआ भव्य इस्तकबाल, 

शहडोल। हजरत मोहम्मद साहब (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के यौम-ए-पैदाइश के मुबारक अवसर पर धनपुरी में ईद-मिलादुन्नबी का पर्व बड़ी अकीदत, एहतराम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विलियम्स नंबर-1, स्टेट हॉस्पिटल रोड, वार्ड क्रमांक 3/5 स्थित बिलाल मस्जिद से सुबह 8 बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद, बुजुर्ग, नौजवान एवं बच्चे शामिल हुए। हाथों में इस्लामी झंडे लिए अकीदतमंद नात-ए-पाक पढ़ते हुए आगे बढ़ रहे थे। जुलूस के दौरान अमन, शांति, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया गया।

प्रमुख मार्गों से होकर निकला जुलूस

जुलूस की सदारत मस्जिद बिलाल के सदर फिरोज साहब ने की। जुलूस बिलाल मस्जिद विलियम्स नंबर-1 से प्रारंभ होकर 4 नंबर मामा पोल्ट्री फार्म, इमामबाड़ा, दारुल उलूम मुजाहिदे मिल्लत, कच्छी मोहल्ला, मदीना जामा मस्जिद, बालक हायर सेकेंडरी स्कूल तथा पुराने नगर पालिका कार्यालय के पीछे से होते हुए गल्र्स स्कूल के सामने बाजार रंगमंच पहुंचा।

नूरी मस्जिद कमेटी ने किया शानदार इस्तकबाल

बाजार रंगमंच पहुंचने पर नूरी मस्जिद कमेटी की ओर से जुलूस-ए-मोहम्मदी का शानदार इस्तकबाल किया गया। कमेटी के सदस्यों ने जुलूस में शामिल अकीदतमंदों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें मीठा खिलाया और ईद-मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। नूरी मस्जिद कमेटी के इस भव्य स्वागत से जुलूस में शामिल लोगों में खासा उत्साह नजर आया। स्वागत स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और पूरे वातावरण में धार्मिक उत्साह के साथ आपसी मोहब्बत एवं भाईचारे की झलक देखने को मिली। बाजार रंगमंच के बाद जुलूस विलियम्स नंबर-2 में नन्हू पार्षद के घर के सामने से होते हुए जानू कॉम्प्लेक्स पहुंचा। यहां भी जुलूस में शामिल अकीदतमंदों का मीठा खिलाकर स्वागत किया गया। इसके बाद जुलूस आजाद चौक की ओर रवाना हुआ।

जगह-जगह लंगर, शरबत और खाद्य सामग्री का वितरण

जुलूस के पूरे मार्ग में विभिन्न मोहल्लों एवं सामाजिक कमेटियों की ओर से स्वागत स्टॉल लगाए गए। अकीदतमंदों के लिए मीठा शरबत, समोसा, बड़ा, केक, खीर, जलेबी, खोवा की जलेबी सहित विभिन्न खाद्य सामग्री वितरित की गई। कई स्थानों पर जयनमाज भी बांटी गई। लोगों ने जुलूस का फूल बरसाकर स्वागत किया।

आजाद चौक पर मरकजी मुस्लिम लंगर कमेटी ने बांटे फल

जुलूस के धनपुरी आजाद चौक पहुंचने पर मोहम्मद आजाद, सकलैन नियाजी एवं मोहम्मद कलाम की सरपरस्ती में मरकजी मुस्लिम लंगर कमेटी की ओर से विशेष फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कमेटी के सदस्यों ने जुलूस में शामिल अकीदतमंदों के साथ-साथ आजाद चौक पर मौजूद आम लोगों को भी फल वितरित किए। फल वितरण कार्यक्रम ने जुलूस की रौनक बढ़ाने के साथ ही सेवा, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। आयोजन में शामिल लोगों ने इसे इंसानियत और सामाजिक एकता की दिशा में सराहनीय पहल बताया।

फिरोज साहब ने दिया अमन और इंसानियत का संदेश

मस्जिद बिलाल के सदर फिरोज साहब ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी उम्मत को अमन, मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे का पैगाम दिया है। हम सभी को उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेना चाहिए तथा समाज में शांति, प्रेम और आपसी सद्भाव को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईद-मिलादुन्नबी केवल खुशी मनाने का अवसर नहीं, बल्कि पैगंबर-ए-इस्लाम की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने और समाज में प्रेम एवं सौहार्द बढ़ाने का अवसर भी है।

उलेमाओं ने बताया इंसानियत और भाईचारे का पैगाम

ईद-मिलादुन्नबी के अवसर पर उलेमाओं ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब का पूरा जीवन अमन, मोहब्बत, भाईचारा, इंसाफ, ईमानदारी और इंसानियत की सीख देता है। उनकी शिक्षाओं पर अमल करके समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द को मजबूत किया जा सकता है। उनका संदेश किसी एक समाज तक सीमित नहीं, बल्कि पूरी इंसानियत के लिए शांति, एकता और भाईचारे का संदेश है।

शांतिपूर्ण माहौल में हुआ जुलूस का समापन

आजाद चौक से जुलूस वापस विलियम्स नंबर-1 स्थित बिलाल मस्जिद की ओर रवाना हुआ। अकीदतमंदों ने नात-ए-पाक पढ़ते हुए शांतिपूर्ण ढंग से जुलूस में हिस्सा लिया। अंत में जुलूस बिलाल मस्जिद पहुंचा, जहां शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में जुलूस का समापन किया गया।

पुलिस प्रशासन का रहा सराहनीय सहयोग

जुलूस के दौरान धनपुरी पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था भी सराहनीय रही। थाना प्रभारी टीआई विनय सिंह गहरवार अपनी पूरी टीम के साथ जुलूस के मार्ग पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। पुलिस टीम में एसआई भारत सिंह, दीपक तिवारी, भूपेंद्र कुमार तथा हेड कांस्टेबल राकेश सिंह एवं रामनाथ सहित पुलिस स्टाफ मुस्तैदी से तैनात रहा। पुलिस प्रशासन की सतर्कता और आयोजकों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। मस्जिद बिलाल कमेटी के सदर फिरोज साहब ने पुलिस प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

बड़ी संख्या में शामिल हुए समाज के लोग

जुलूस में हाजी सैयद जाफर, मौलाना आफाक आलम, हाजी खालिक, हाजी सफी, मोहम्मद जमीर, मुश्ताक कुरैशी, शोएब हाशमी, हाजी रमजान, हासिम साहब, अब्दुल कलाम, मोहम्मद हारून, हाजी इस्लाम अली, हाजी साबिर, हाजी गुलफाम, हाजी सलाम साहब, असफाक कुरैशी मुन्ना, मोहम्मद कलीम बाबू, अजहरुद्दीन बल्ली,इम्तियाज( मूछई)मकबूल पप्पू, मोहम्मद जावेद, मोहम्मद सलीम बाबू, मोअज्जम खान, आमिर ईसा, कैमरा मैन मोहम्मद निहाल, शिवा वर्मन, शब्बीर हसन कुरैशी, मोहम्मद हुसैन लल्ला, नसीम कुरैशी, मोहम्मद मोईन अफसर, शेख सिकंदर, शेख कैशर, इमरान लल्लू, मोहम्मद परवेज, शेख अशगर, मोहम्मद आसिफ, अल्ताफ रजा, मोहम्मद शकील, सलीम कुरैशी, सफी कुरैशी, शाहबाज कुरैशी, नईम कुरैशी, मोहम्मद तबरेज, मोहम्मद इलियास, मोहम्मद आरिफ, अब्दुल रहमान, जावेद अंसारी, शेरा कुरैशी, मोहम्मद जाकिर, राजा इमरान कुरैशी, अकरम कुरैशी, अजमल कुरैशी, जावेद कुरैशी, पप्पू कुरैशी, तस्लीम कुरैशी, शहजाद कुरैशी, शकील कुरैशी, उस्मान अत्तारी, तारीक खान तारू, आरिफ मंसूरी, जुनैद, यूनुस कुरैशी, तनवीर, सफीन, फैजान, मोहम्मद अमीन नाना, अनस, आतिफ, नेहाल, करामत अली, मोहम्मद रियाज, मोहम्मद गुलाम टीपू, मोहम्मद सद्दाम, मोहम्मद शोएब, जाकिर हुसैन शेरू, मोहम्मद शहबाज, मोहम्मद अनीस, मोहम्मद रहीस, मोहम्मद साहिद, अनीस कुरैशी, साहिद कुरैशी, मोहम्मद सैम, मोहम्मद अल्ताफ, मोहम्मद अनीस पिंटू और मोहम्मद इलियास सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल रहे। ईद-मिलादुन्नबी के अवसर पर निकले जुलूस-ए-मोहम्मदी ने धनपुरी में अमन, भाईचारे, इंसानियत और सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए आपसी एकता की मिसाल पेश की।

Post Top Ad

Pages