🎤संभाग भर के गायक ले सकेंगे हिस्सा, चयनितों को मिलेगा प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन का मौका🎤
मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग के उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी की ओर से लता मंगेशकर सुगम संगीत प्रतियोगिता का संभाग स्तरीय आयोजन 10 सितंबर को शहडोल के महिला मंडल सभागार मे किया जाएगा। प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। जिसमे समूचे शहडोल संभाग के गीत-संगीत मे रुचि रखने वाले कलाकार निर्धारित आयु एवं नियमों के अनुसार भाग ले सकेंगे।
आयोजन के निर्देशक, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय नई दिल्ली से प्रशिक्षित एवं संभाग के वरिष्ठ रंगकर्मी पंकज दुबे ने उक्ताशय की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता दो वर्गों में होगी। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 की स्थिति के आधार पर की जाएगी। कनिष्ठ वर्ग में 8 से 15 वर्ष तथा वरिष्ठ वर्ग में 16 से 25 वर्ष तक के प्रतिभागी शामिल होंगे। दोनों वर्गों मे प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 10 हजार, द्वितीय को 5 हजार तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 3 हजार रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।
आयोजन से संबंधित आवेदन पत्र, नियमावली एवं अन्य जानकारी समाचार पत्र, पंपलेट और फ्लेक्स के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतिभागी क्षेत्रीय सहयोगी रंगकर्मी प्रकाश राव से 8878010024 तथा अरुण द्विवेदी से 8770191637 पर संपर्क कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए चतंव111224/हउंपसण्बवउ पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता मे शामिल होंगे। राज्य स्तरीय आयोजन सितंबर के अंतिम सप्ताह मे इंदौर मे प्रस्तावित है। इसकी तिथि प्रतिभागियों को समय पर सूचित की जाएगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में वरिष्ठ वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 25 हजार, 20 हजार और 15 हजार रुपये तथा कनिष्ठ वर्ग मे क्रमशः 21 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता का निर्णय प्रशिक्षित एवं अनुभवी निर्णायकों द्वारा किया जाएगा तथा निर्णायकों का निर्णय अंतिम होगा। प्रतियोगिता मे प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
