शहडोल। सेन्टर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू), केंद्रीय श्रमिक संगठनों, संयुक्त किसान मोर्चा एवं अखिल भारतीय आशा वर्कर्स एंड फैसिलिटेटर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एडब्ल्यूएफएफआई) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर 10 अगस्त 2026 को "राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह एवं जेल भरो आंदोलन" आयोजित किया जाएगा। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में भी आशा, ऊषा और आशा पर्यवेक्षक एकता यूनियन (सीटू) द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन के दौरान जिले भर की आशा कार्यकर्ता, ऊषा एवं आशा पर्यवेक्षक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगी तथा मुख्यमंत्री एवं मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्य प्रदेश के नाम ज्ञापन सौंपेंगी।
शहडोल जिले के कार्यकर्ता भी होंगे शामिल
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि शहडोल जिले के विभिन्न ब्लॉकों और स्वास्थ्य केंद्रों से बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता आंदोलन में शामिल होंगी। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर अपनी लंबित मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी। संगठन ने कहा कि यह आंदोलन केवल शहडोल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे प्रदेश के साथ-साथ देशभर में एक साथ आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह एवं जेल भरो आंदोलन की प्रमुख मांगें
आशा कार्यकर्ताओं को 26 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाए। आशा पर्यवेक्षकों को 35 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाए। आशा एवं पर्यवेक्षकों को नियमित कर्मचारी घोषित किया जाए। श्रम कानूनों का लाभ दिया जाए। प्रत्येक माह की 5 तारीख तक नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। 1000 रुपये वार्षिक वेतन वृद्धि का एरियर सहित भुगतान किया जाए। सभी लंबित और बकाया राशियों का तत्काल भुगतान किया जाए। स्वास्थ्य मंत्री द्वारा घोषित 1500 रुपये की राशि का एरियर सहित भुगतान किया जाए।
राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह एवं जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने की अपील
राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह एवं जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने के लिए इन्होने अपील की है जिनमे का. रामनाथ यादव, का. बुद्धसेन सिंह, का. अरुण कुमार गौतम, का. विनोद राय, का. इन्द्रजीत पटेल, का. धीरेन्द्र पाण्डेय, का. रामराज तिवारी, का. आशा सिंह, का. सीमा निगम, का. हरीश गर्ग, का. एकता उपाध्याय, का. शकुन्तला द्विवेदी, का. शत्रुघन पाण्डेय, का. तुलसीदास तिवारी, का. बब्बू बैगा, का. धर्मदीन, का. गोरेलाल, का. दसिया पलिहाँ एवं का. भोले बैगा ने अपील करते हुए कहा की सभी इस आंदोलन में शामिल जरूर हो। आगे निवेदकों ने कहा की जिले की सभी आशा, ऊषा एवं आशा पर्यवेक्षकों से 10 अगस्त 2026 को आयोजित राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह एवं जेल भरो आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करें ताकि मांगे पूरी हो। आंदोलन के दौरान शहडोल जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री एवं मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्य प्रदेश के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
