शहडोल। बलपुरवा-कुदरी रोड क्षेत्र से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां रहने वाली 14 वर्षीय बच्ची आज पूरी तरह अनाथ हो गई। कुछ समय पूर्व उसके पिता का निधन हो चुका था, जिससे परिवार पहले ही संकट में था। दुर्भाग्यवश बीती रात उसकी माँ का भी निधन हो गया, जिसके बाद बच्ची के सिर से माँ का साया भी उठ गया।
परिस्थितियाँ इतनी कठिन थीं कि महिला के अंतिम संस्कार के लिए कोई परिजन मौजूद नहीं था। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के पार्षद एवं वरिष्ठ समाजसेवियों ने मानवता का परिचय देते हुए आगे आकर सहयोग किया।
वरिष्ठ समाजसेवी रंजीत बसाक एवं नंदी गौ सेवा धाम के सदस्यों के साथ सिल्लू रजक, विकास जोतवानी, विशाल गुप्ता, शिवम चौधरी, कारण कुंडे, आशु चौधरी, नितिन सूरी, प्रिंस सिंह, शंकर गुप्ता, संतोष सिंह और निखिल चौधरी सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में बच्ची से मुखाग्नि दिलाकर उसकी माँ का अंतिम संस्कार कराया गया।
इस दुखद घटना ने सभी को भावुक कर दिया। उपस्थित समाजसेवियों ने बच्ची के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए समाज एवं प्रशासन से हरसंभव सहायता प्रदान करने की अपील की।
