मोहम्मद हारून धनपुरी। शहडोल जिले के लिए गर्व और खुशी का अवसर है। शहडोल के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद यादव की भतीजी व संतोष यादव की सुपुत्री डॉ. मुस्कान यादव (MBBS) ने अपने चिकित्सा जीवन की नई और गौरवपूर्ण शुरुआत की है। डॉ. मुस्कान यादव ने अपने PG रिजल्ट आने से पहले ही अपने गृह जिले में सेवा का संकल्प लेते हुए अपनी पहली जॉइनिंग स्वास्थ्य केंद्र बुढार, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) में दी है। यह जानकारी परिवारजनों द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई, जिसके बाद से पूरे शहडोल जिले में बधाईयों का तांता लगा हुआ है।
परिवार ही नहीं, पूरे शहडोल के लिए गर्व का पल
परिजनों ने बताया कि यह पल केवल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे शहडोल के लिए गर्व और खुशी का अवसर है। एक बेटी का डॉक्टर बनकर अपने ही क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से लोगों की सेवा के लिए आगे बढ़ना निश्चित रूप से प्रेरणादायक है। डॉ. मुस्कान यादव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शहडोल में पूरी करने के बाद कठिन परिश्रम से MBBS की डिग्री हासिल की। अब बिना समय गंवाए, PG के रिजल्ट का इंतजार किए बिना ही उन्होंने अपने कर्तव्य को प्राथमिकता दी और सीधे फील्ड में उतरकर गरीब, जरूरतमंद और ग्रामीण मरीजों की सेवा शुरू कर दी है। बुढार स्वास्थ्य केंद्र में उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। बुढार आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जहां चिकित्सकों की कमी अक्सर महसूस की जाती रही है। ऐसे में एक स्थानीय बेटी का डॉक्टर के रूप में यहां पदस्थ होना क्षेत्रवासियों के लिए भावुक और सुविधाजनक दोनों है।
बधाईयों का तांता
डॉ. मुस्कान यादव के इस नए सफर के लिए परिवार, मित्रों, शुभचिंतकों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने हार्दिक बधाई एवं ढेरों शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने कहा है कि-ईश्वर उन्हें सदैव सफलता, सम्मान, उत्तम स्वास्थ्य और जरूरतमंदों की सेवा करने का अवसर प्रदान करें तथा उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करें। शहडोल के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद यादव का परिवार शुरू से ही जनसेवा और समाजसेवा के लिए जाना जाता रहा है। उनकी भतीजी डॉ. मुस्कान द्वारा चिकित्सा क्षेत्र में आकर सेवा का यह संकल्प, उसी विरासत को आगे बढ़ाने वाला है। नई जिम्मेदारी, नई शुरुआत और सेवा का नया संकल्प - शहडोल की इस होनहार बेटी को पूरे जिले की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दी जा रही है।
