Breaking

Post Top Ad

Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement Advertisement

Friday, September 4, 2026

आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में कैट बनेगा मजबूत सहभागी : नरेंद्र सिंह तोमर, कैट का राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन भोपाल में संपन्न, शहडोल के मनोज गुप्ता को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी

शहडोल। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा राजधानी भोपाल के विधानसभा परिसर स्थित मानसरोवर हॉल में राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में शहडोल संभाग के शहडोल, उमरिया और अनूपपुर सहित मध्यप्रदेश के सभी जिलों से करीब 250 प्रमुख व्यापारी नेताओं एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। सम्मेलन में व्यापारिक हितों के साथ-साथ स्वदेशी, डिजिटल व्यापार, संगठन के विस्तार, रोजगार सृजन और विकसित भारत के निर्माण जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।सम्मेलन के दौरान कैट के संगठनात्मक विस्तार की घोषणा भी की गई। इसमें कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता (शहडोल) को संगठन का नया प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया। इसके साथ ही संगठन में अन्य पदाधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

वोकल फॉर लोकल को राष्ट्रीय आंदोलन बनाने का आह्वान

सम्मेलन का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र केवल आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का व्यापक राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने कहा कि देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने से स्थानीय कारीगरों, लघु उद्योगों, स्टार्टअप्स और व्यापारिक समुदाय को मजबूती मिलती है। उन्होंने व्यापारियों की भूमिका को देश की अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण बताते हुए आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

मजबूत व्यापारी संगठन बनाने पर जोर

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया ने संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा करते हुए कहा कि कैट को देश के सबसे प्रभावशाली एवं मजबूत व्यापारी संगठनों में और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन की जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित मंचों तक पहुंचाने की बात कही। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में अगस्त में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव ने देश के व्यापारिक इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से देश-विदेश के व्यापारिक प्रतिनिधियों, उद्यमियों और उद्योग जगत को संवाद एवं व्यापार के लिए व्यापक मंच उपलब्ध होता है। कैट के राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल ने स्वदेशी वस्तुओं के प्रति उपभोक्ताओं के बढ़ते विश्वास को भारत की आर्थिक मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया।

व्यापारिक संगठनों को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने पर जोर

कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने व्यापारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापारिक संगठनों को अधिक सक्रिय, संगठित और प्रभावी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यापारिक समुदाय को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़कर सामूहिक रूप से आगे बढ़ने की आवश्यकता है। वहीं कैट मध्यप्रदेश के प्रदेश मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने सम्मेलन को प्रदेश के व्यापारिक समुदाय की एकजुटता और सामूहिक शक्ति का परिचायक बताया।

तकनीक और नए बाजारों से जुड़ें छोटे व्यापारी : मनोज गुप्ता

नवनियुक्त कैट मध्यप्रदेश प्रदेश महामंत्री मनोज गुप्ता (शहडोल) ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। वर्तमान समय में छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को तकनीक, डिजिटलीकरण, ई-कॉमर्स और नए बाजारों से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों से व्यापारिक प्रतिनिधियों की व्यापक सहभागिता यह संदेश देती है कि व्यापारी वर्ग अब केवल अपने व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है। व्यापारी स्वदेशी को बढ़ावा देने, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण, रोजगार के अवसर बढ़ाने और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है। सम्मेलन में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे वरिष्ठ व्यापारी नेताओं एवं पदाधिकारियों ने व्यापार से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे और प्रदेश के व्यापारिक एवं आर्थिक विकास के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।



Post Top Ad

Pages