शहडोल। ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर सदा-ए-मदीना कमेटी धनपुरी के तत्वावधान में मदरसे में अध्ययनरत तलबा (छात्र-छात्राओं) एवं बच्चों के लिए विशेष इस्लामी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने इस्लाम, दीनी तालीम एवं धार्मिक विषयों से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का परिचय दिया।
प्रश्नोत्तरी के दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे से सवाल पूछे और उत्साहपूर्वक उनके जवाब दिए। बच्चों की प्रस्तुति और दीनी जानकारी देखकर कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों एवं नागरिकों ने उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के दौरान कुछ बच्चों ने दीन की जानकारी के साथ-साथ वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों और दुनिया के मौजूदा हालात पर भी अपने विचार रखे।
अध्यक्ष के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन सदा-ए-मदीना कमेटी धनपुरी के अध्यक्ष मकसूद खान बाबा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के संयोजक एवं मदरसा संचालक मोहम्मद अशफाक लल्लू रहे। कमेटी के सहयोगियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में धनपुरी नगर के नागरिकों के साथ अंजुमन कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य, राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि तथा नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
नमाज-ए-मगरिब के बाद शुरू हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम का आयोजन नमाज-ए-मगरिब के बाद किया गया, जो काफी समय तक चला। इस दौरान बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से बच्चों की दीनी जानकारी को परखने के साथ-साथ उन्हें मंच पर अपनी बात रखने का अवसर भी मिला।
प्रतियोगिता के समापन के बाद मदरसे के सभी छात्र-छात्राओं एवं तलबा को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं कुरआन-ए-पाक हिफ्ज कर हाफिज बनने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मेधावी विद्यार्थियों को भी किया सम्मानित
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। पुरस्कार वितरण हाजियों के हाथों कराया गया।
आयोजकों ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने में भी सहायक होते हैं।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में अशफाक सिद्दीकी, असलम मामा, मोजम खान और जुल्फिकार अली सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर समाजसेवी राशिद खान, नूरी मस्जिद के सदर शाहनवाज अंसारी, मदीना जमा मस्जिद के सदर मोहम्मद फरीद सहित धनपुरी नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कलाम मोहम्मद एडवोकेट ने किया संचालन
कार्यक्रम का सफल संचालन कलाम मोहम्मद एडवोकेट द्वारा किया गया। वहीं मौलाना अशफाक रिजवी ने दुआ कराई। धनपुरी नगर की विभिन्न मस्जिदों के पेश इमाम भी कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में धनपुरी नगर के वरिष्ठ नागरिक मोहम्मद रफीक खान, राजू कलाम मोहम्मद, बुढ़ार के शौकत अली, नवाब मोहम्मद, हाफिज कलीम एवं तबरेज खान सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे।
दीनी तालीम के साथ शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करते हैं। साथ ही दीनी जानकारी, शिक्षा, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने में भी ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजकों ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसर मिलना जरूरी है। प्रश्नोत्तरी जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि पैदा करने के साथ उन्हें मंच पर अपनी बात रखने का आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम संयोजक ने जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में संयोजक एवं मदरसा संचालक मोहम्मद अशफाक लल्लू ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, नागरिकों, कमेटी सदस्यों, पेश इमामों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

